शुक्रवार की रात गश्त के दौरान पुलिस ने गढिया हैवतपुर कटरी में दो युवकों को असलहे बनाते पकड़ा।
एसओ मोहित यादव ने मुखबिर की सूचना पर गढिया हैवतपुर कटरी क्षेत्र में रात के समय दबिश दी। सूनसान इलाके में दो युवक अवैध तरीके से हथियार बना रहे थे।
पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
इनके पास से तमंचा, कारतूस, बंदूक व इनको बनाने के उपकरण बरामद किए। पूरे सामान को जब्त करने के बाद दोनों आरोपियों को थाने में लाकर पूछताछ की गई।
एसओ मोहित यादव ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम शनि यादव निवासी देवरामपुर और दूसरे ने आदेश निवासी शिव नगर कालोनी बताया है। इनके पास से एक देशी बंदूक, चार तमंचा, तीन अधबने तमंचा व हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए है।
पुलिस इनसे पूछताछ कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। अवैध धंधों में लगे अपराधियों की धड़पकड़ तेज की गई है। जल्द ही और गिरफ्तारी होंगी।