फर्रुखाबाद। परीक्षा केंद्रों पर बने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे है। जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर गठित की गई टीम के निरीक्षण में इसका खुलासा हुआ। अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए गार्ड मौजूद नहीं मिला। हालांकि निरीक्षण टीम ने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।
परीक्षा केंद्रों पर बने स्ट्रांग रूम में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे चालू रहने व सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं कि नहीं, इसकी निगरानी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने ब्लाॅक वार समिति गठित कर निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। मोहम्मदाबाद ब्लाॅक में प्रभारी प्रधानाचार्य डा. महेशचंद्र राजपूत ने रामदर्शनी इंटर काॅलेज भटासा, स्वामी आत्मदेव गोपालानंद इंटर काॅलेज ऊगरपुर, रामप्रकाश आदर्श इंटर काॅलेज तिराहा मुरहास, सर्वोदय इंटर काॅलेज पिपरगांव, शक्ति सैनिक इंटर काॅलेज मौधा, मेजर एसडी सिंह इंटर काॅलेज, पीडी बालिका इंटर काॅलेज मोहम्मदाबाद, शिवनंदन सिंह इंटर काॅलेज खिमसेपुर और देव स्वरूप शिक्षा सदन मदनपुर का निरीक्षण किया।
वहीं, प्रधानाचार्य एचपी मिश्र व सुनील कुमार आर्य जनता राष्ट्रीय इंटर काॅलेज रखा, जीजीआइसी, जीआइसी, एमआइसी फतेहगढ़ और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर काॅलेज जेएनवी रोड भोलेपुर का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम को देखा। सूत्रों ने बताया कि स्वामी आत्मदेव गोपालानंद इंटर काॅलेज ऊगरपुर और सर्वोदय इंटर काॅलेज पिपरगांव समेत कई परीक्षा केंद्रों पर गार्ड ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मी मौजूद नहीं मिलेे। निरीक्षण करने गई टीम से जब इस संबंध में जानकारी की तो उन्होंने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।
डीएम व एसपी को देंगे सूचना
परीक्षा केंद्रों पर गार्ड ड्यूटी में पुलिसकर्मियों के गैरहाजिर होने की जानकारी जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को दी जाएगी। प्रश्नपत्र स्ट्रांग रूम के डबल लाॅक में बेहद सुरक्षित रखे हैं।
डीआईओएस, नरेंद्र पाल सिंह