कायमगंज थाना क्षेत्र में बरात लेट आने को लेकर विवाद हो गया। इसमें दूल्हे के बहनोई और साले में मारपीट हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र में पुल गालिब तिराहा स्थित गेस्ट हाउस में बरात लेट पहुंचने पर दूल्हे के साले व बहनोई में मारपीट हो गई। इससे दूल्हे के बहनोई घायल हो गए। बहनोई ने दूल्हा समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
नगर से सटे गांव गढ़ी इज्जत खां निवासी महमुद्दीन की शादी मोहल्ले के ही सुल्तान की बेटी से तय हुई थी। रविवार रात बरात आई। बरात का कार्यक्रम पुल गालिब तिराहा स्थित एक गेस्ट हाउस में था। बरात मोहल्ले से चढ़कर बैंड बाजे के साथ गेस्ट हाउस पहुंची।
बरात लेट होने से लड़की पक्ष के लोग गुस्से में थे। इसके बाद दूल्हा घोड़ी से उतरा तो रश्म के तौर पर दूल्हे का साला घोड़ी पर बैठ गया। रस्म के तौर पर साले ने 11000 रुपये मांगे, दूल्हे के बहनोई 5100 रुपये देने पर अड़ गए। इस पर दोनों पक्षों में और भी तनातनी और गाली-गलौज हो गया।
दूल्हे के साले व अन्य ससुरालीजनों ने दूल्हे के बहनोई से मारपीट कर दी। इससे वे घायल हो गए। दूल्हे के बहनोई यूसुफ निवासी ग्राम अहमदपुर देवरिया थाना जहानगंज ने दूल्हे के साले शानू, साजेब, परवेज व फैसल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।