फर्रुखाबाद। अनुबंध के बाद बैनामा करने से इन्कार कर दो युवकों ने 35 लाख रुपये हड़प लिए। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
कादरीगेट थाना के गांव अमेठी कोहना निवासी देवेंद्र सिंह चौहान ने शहर कोतवाली के मोहल्ला छावनी निवासी अब्दुल मलिक, कमाल आसिफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हाथीखाना निवासी मोहम्मद आफताब ने गांव अमेठी जदीद में अब्दुल मलिक व कमाल आसिफ से जमीन का दो वर्ष का अनुबंध कर 37 लाख रुपये का सौदा तय किया था। तीन बार में दोनों लोगों को 35 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। शेष रुपये बैनामा के समय देने की बात कही गई। जब इन लोगों से बैनामा करने के लिए कहा तो गाली -गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। दोनों ने मिलकर 35 लाख रुपये हड़प लिए। एसओ राजेश राय ने बताया कि रुपये हड़पने के मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।