- ट्रैक खाली न होने से खुदागंज व फतेहगढ़ रोकी गई ट्रेन
- पॉवर रिलीफ इंजन से गई मालगाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
कमालगंज। कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रही मालगाड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचते ही झटका देकर रुक गई। तीनों ट्रैक जाम होने से पीछे से आ रही एक्सप्रेस ट्रेन खुदागंज में रोक दी गई। फतेहगढ़ में भी एक ट्रेन खड़ी रही। लोको पायलट व गार्ड इंजन में तकनीकी समस्या को ठीक करने में जुटे रहे। बाद में पावर रिलीफ इंजन लगाकर करीब सवा एक घंटे बाद ट्रेन रवाना की गई। इस दौरान यात्री सवारी गाड़ी का इंतजार करते रहे।
रविवार शाम करीब 5.30 बजे कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर मालगाड़ी जा रही थी। महरुपुर राबी गांव के पास अचानक ट्रेन झटके के साथ धीमी होने लगी। पटरी के जोड़ को बदलने वाले स्थान पर ट्रेन रुकने से तीनों ट्रैक जाम हो गए। तीनों ट्रैक जाम होने से कानपुर से कासगंज जाने वाली 15039 एक्सप्रेस ट्रेन को खुदागंज रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया जबकि कासगंज से लखनऊ जा रही 05380 ट्रेन को फतेहगढ़ स्टेशन पर खड़ा किया गया। काफी समय तक मालगाड़ी के इंजन में सुधार न हो सका।
इस पर फर्रुखाबाद से पावर रिलीफ इंजन रेलवे स्टेशन पहुंचा। करीब सवा एक घंटे बाद पावर रिलीफ इंजन से मालगाड़ी फर्रुखाबाद के लिए रवाना की गई। इस दौरान यात्री दूसरी ट्रेन आने का इंतजार करते रहे। मालगाड़ी जाने के बाद तीनों ट्रैक सुचारू रूप से संचालित हो गए।