कंपिल। पूर्व सैनिक के घर में घुसे चोर लाइसेंसी बंदूक, एलईडी टीवी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। पुलिस व फाेरेंसिक टीम ने मौके पर जांच कर नमूने एकत्र किए। पूर्व सैनिक ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी करने की तहरीर दी।
थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर तिहैया निवासी पूर्व सैनिक नरेश चंद्र सोमवार को परिवार सहित कमरे में सो रहे थे। रात में किसी प्रहर चोर मकान के पीछे दीवार के सहारे चढ़कर छत पर आ गए। चोर जीने से नीचे उतरे और कमरे में टंगी लाइसेंसी बंदूक, सिलाई मशीन, एलईडी टीवी व गृहस्थी का सामान चोरी कर ले गए। नरेश चंद्र सुबह जागे तो कमरे में सामान बिखरा देखकर दंग रह गए। उन्होंने चोरी के संबंध में पुलिस को सूचना दी। एसओ अशोक कुमार व फाेरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। तब तक गांव के लोगों की भीड़ जमा हो चुकी थी। पुलिस ने भीड़ को हटाकर मौके पर जांच पड़ताल की। फाेरेंसिक टीम ने मौके पर नमूने एकत्र किए। पुलिस ने घर में आने जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी की। एसओ अशोक कुमार ने बताया कि चोरी की घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रही है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद मुकदमा दर्ज होगा।