फर्रुखाबाद। 10 किलोमीटर वॉक चाल में प्रतिद्वंदियों को परास्त कर लवी ने सोना जीत लिया। उसकी इस कामयाबी पर कोच, एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ ही जिला क्रीड़ाधिकारी ने लवी को सम्मानित किया। उन्होंने उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।
लखनऊ के सांई सेंटर अमौसी में हुई 57वीं यूपी स्टेट अंडर -20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10 किलोमीटर वॉक चाल में नकपुर चौरासी निवासी लवी राठौर ने सोना जीता। उसने अपने प्रतिद्वंदियों को हराकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए स्थान पक्का कर लिया। जिले एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव योगेश शुक्ला ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए जिले से 4 बालिकाएं और 5 बालकों का चयन किया गया था। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गए नौ खिलाड़ियों में से लवी को ही स्वर्णिम सफलता मिली। लवी की इस कामयाबी पर पिता राजेंद्र राठोर और मां शांति देवी खुशी से फूली न समाई। प्रतियोगिता से वापस लौटने पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में लवी को सम्मानित किया गया। स्टेडियम में हुए कार्यक्रम में जज विवेक यादव, जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह, एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सिद्धार्थ मिश्रा, लक्ष्मण टंडन आदि ने लवी को शाल ओढ़ाकर व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान बढ़ाया। मुख्य अतिथि जज विवेक यादव ने कहा कि खिलाड़ी राष्ट्रीय फलक पर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। विश्व पटल पर भी एक दिन जिले का नाम स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। क्रीड़ाधिकारी व जिला हॉकी के सचिव अवनींद्र सक्सेना ने लवी को ट्रैक सूट व शूज देकर सम्मानित किया।
क्रीड़ाधिकारी ने कहा कि अभ्यास के दौरान किसी भी तरह की आवश्यकता होने पर वह पूरी मदद करेंगे। लवी ने बताया कि उसने स्टेडियम में तीन महीने पहले ही अभ्यास शुरू किया था। अभ्यास के दौरान वह 10 से 15 किलोमीटर तक चलती है। इस दौरान जयप्रकाश सिंह, शिवा गहरवार, टीम कोच जितेेंद्र कुमार, स्टेडियम के क्रिकेट कोच अमिताभ पान, हॉकी कोच सत्यम मिश्रा आदि मौजूद रहे।