मोहम्मदाबाद। घरेलू विवाद में छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सीओ ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सकवाई निवासी रामकिशोर दुबे कोल्ड स्टोरेज में मैनेजर की नौकरी करते हैं। शनिवार को उनकी पत्नी वंदना दुबे बरामदे में लेटी थी। उनकी 14 वर्ष की पुत्री शैलजा कक्षा 10 की छात्रा थी। दोहपर में शैलजा की परिजनों से कहासुनी हो गई। लगभग दो बजे वंदना ने पुत्री शैलजा को आवाज देकर बुलाया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया।
वंदना ने कमरे में जाकर देखा तो शैलजा दुपट्टे के फंदे से पंखे के कुंडे पर लटकी हुई थी। वंदना के चीखने पर परिवार के लोग आ गए। शैलजा को फंदे से उतारकर परिजन सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने शैलजा को मृत घोषित कर दिया।
सीओ भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके पर नमूने एकत्र किया। छात्रा की मौत से मां वंदना भाई शिवांग, रूद्र, आराध्या का रो-रो कर बुरा हाल था। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।