शमसाबाद। क्षेत्र के गांव मुरैठी के पास पिकअप व दो बाइकों की भिड़ंत होने से बच्ची की मौत हो गई। छह लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने भाग रहे पिकअप चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
फैजबाग शमशाबाद के बीच गांव मुरैठी के पास गुरुवार देर शाम बाइक सवार पिकअप को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही बाइक से भिड़ गया। इस बीच दोनों बाइकों से पिकअप भी टकरा गई। इसमें बाइक चालक कायमगंज क्षेत्र के गांव मदारपुर निवासी अजय, उसकी पत्नी ज्योति व साली पूनम घायल हो गए। अजय अपनी पत्नी व साली को लेकर ससुराल से वापस घर जा रहे थे।
दूसरी बाइक पर सवार जनपद एटा थाना जशरथपुर के गांव वलीपुर निवासी मोहित, उनकी पत्नी उपासना व एक वर्षीय पुत्री नाव्या के साथ अपनी ससुराल नैगुआ जलालाबाद जा रहे थे। मोहित ने मुरैठी गांव के पास पिकअप को ओवर टेक किया। इसी बीच शमशाबाद की ओर से आ रही अजय की बाइक से टक्कर हो गई। इसके बाद पिकअप चालक ने दोनों बाइकों में टक्कर मारी। घटना के बाद चालक ने पिकअप भगाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने घेरकर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घायलों सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने बच्ची नाव्या को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित व उपासना को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि एक बच्ची की मौत हुई है। चालक और पिकअप को कब्जे में लग लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।