कायमगंज। सांप के डसने से बालिका की मौत हो गई। बालिका की मां ने सीएचसी के डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव शंकरनगला निवासी आशा कार्यकर्ता ममता ने तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम बेटी वैष्णवी (6) को घर में सांप ने डस लिया। बेटी के हाथ में कपड़ा बांधकर तुरंत सरकारी अस्पताल कायमगंज ले गईं। वहां डॉक्टर व एक अन्य स्वास्थ्य कर्मी ने हाथ में बंधा कपड़ा खोलकर कहा कि सांप ने नहीं काटा है, बल्कि ब्लेड से चोट लगी है। जब उन्हें बताया बेटी को सांप ने ही डसा है और इसे निजी अस्पताल ले जाने लगी। लेकिन डॉक्टर ने जाने नहीं दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद बेटी की हालत बिगड़ने और आंखें बंद होने पर उसे लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया। एंबुलेंस से ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। बेटी का अंतिम संस्कार करने के बाद ग्रामीणों ने कमरे में सामान हटाकर देखा तो सांप वहीं मौजूद था। कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर क्राइम बी यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम तो हुआ नहीं, इससे मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। फिर भी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।