मोहम्मदाबाद। माफिया अनुपम दुबे के भाइयों के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें गैंग लीडर डब्बन व बब्बन पर कूटरचित दस्तावेज तैयार करके निजी स्वार्थ के लिए शस्त्र लाइसेंस प्राप्त करने का आरोप लगाया गया है।
काेतवाल अमर पाल सिंह ने फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी माफिया बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के भाई गैंगलीडर अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, ब्लाॅक प्रमुख भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें आरोप लगाया कि गैंग लीडर अनुराग दुबे ने भाई अमित के साथ मिलकर आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए गिरोह बना रखा है।
कूटरचित दस्तावेज तैयार करके डब्बन व बब्बन ने निजी स्वार्थ के लिए शस्त्र लाइसेंस प्राप्त कर लिए थे। गिरोह के आतंक के कारण समाज का कोई व्यक्ति इनके खिलाफ गवाही देने से घबराता है। मालूम हो कि बसपा नेता अनुपम दुबे आगरा जेल में निरुद्ध है। ब्लॉक प्रमुख भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन हरदोई जिला जेल में बंद है।
अनुराग दुबे उर्फ डब्बन अपहरण व तमंचे के मुकदमे में फरार है। डब्बन पर एसपी विकास कुमार ने 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। उनके मकान की कुर्की के लिए नोटिस चस्पा की कार्रवाई भी हो चुकी है। पुलिस की कई टीमें अनुराग दुबे उर्फ डब्बन की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इसको लेकर पुलिस उनके कई नजदीकी लोगों के घरों में भी दबिश दे रही है।