अमृतपुर। गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के नजदीक पहुंच गया है। रामगंगा के जलस्तर में भी एक मीटर का इजाफा हुआ है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में गंगा किनारे बसे लोगों में दहशत है। करनपुर घाट में गंगा से कटान तेज हो गई है।
मंगलवार को गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से पांच सेंटीमीटर दूर 136.55 मीटर पर पहुंच गया है। नरौरा बांध से गंगा में 50,349 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ कटान भी तेजी से होने लगी है। करनपुर घाट में लगी बल्लियों से तीन मीटर आगे तक कटान हो रही है।
दूसरी ओर रामगंगा में खो, हरेली, रामनगर बैराज से दो दिन से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। तीनों बांधों से 81,734 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे रामगंगा का जलस्तर 134.55 से बढ़कर 135.50 मीटर पर पहुंच गया।
रामगंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने से इसके किनारे बसे गांव अलादपुर भटौली, कोलासोता, राई, खरगपुर, मौलागंज, निसवी आदि के ग्रामीण भयभीत हैं। प्रशासन दोनों नदियों के बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए है।