फर्रुखाबाद। 280 से 400 रुपये प्रति किलो तक मिलने वाली सोनपापड़ी लाल गेट पर 180 रुपये में चार किलो बिकती मिली। सिटी मजिस्ट्रेट ने मिलावट के शक पर 386 डिब्बे माल जब्त कर पिकअप थाने में खड़ी करवा दी। यह सोनपापड़ी कन्नौज के छिबरामऊ की फैक्टरी में तैयार की गई है। खाद्य विभाग के अफसरों ने नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र दोपहर करीब साढ़े 12 बजे लालगेट से निकल रहे थे। उसी समय एक पिकअप पर डिब्बों में बिक्री करने वालों पर नजर पड़ी। उन्होंने स्टाफ को भेजकर पता कराया, तो मामला संदिग्ध नजर आया। चार-चार किलो वजन की सोन पापड़ी के डिब्बों को मात्र 180 रुपये में बेचा जा रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस बुलाकर पिकअप को कादरी गेट थाने में खड़ा करवा दिया। थाने में डिब्बों की गिनती की गई, तो 368 निकले।
बिक्री कर रहे युवक ने बताया कि कन्नौज जिले के छिबरामऊ कस्बे के बजरिया में फैक्टरी है। वहीं से माल बेचने और दुकानों पर देने के लिए भेजा जाता है। इसीलिए माल बेचने लाए थे। आसपास के कई जिलों में माल की आपूर्ति की जाती है। पिकअप में 14.72 क्विंटल माल भरा था।
उपायुक्त खाद्य सैयद शहनवाज आबिदी ने बताया कि बाजार में सादी सोन पापड़ी 280 रुपये प्रति किलो बिक रही है। देशी घी से तैयार सोन पापड़ी 400 और ब्रांडेड हल्दीराम की 370 रुपये प्रति किलो है। ऐसे में जो सोनपापड़ी पकड़ी गई उसमें घटिया रंग और रिफाइंड के साथ 90 फीसदी तक मिलावट की आशंका है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि किसी ने तहरीर नहीं दी। वाहन को माल सहित खाद्य विभाग की टीम अपने साथ ले गई है। वही आगे की कार्रवाई करेगी। यदि तहरीर मिलेगी, तो वह मुकदमा दर्ज कर लेंगे।