फर्रुखाबाद। अपने व करीबियों के बैंक खातों में विकास कार्यों के 18 लाख रुपये ट्रांसफर करने वाले सचिव का निलंबित तय है। इस संदर्भ में अपर मुख्य सचिव ने आदेश जारी किया है। इसमें इस वित्तीय अनियमितता के लिए सचिव को निलंबित कर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कहा है।
मोहम्मदाबाद विकास खंड की ग्राम पंचायत मदनपुर में विकास कार्यों के भुगतान के नाम पर लाखों रुपये की अनियमितता की गई। डीपीआरओ कार्यालय में हुई मॉनीटरिंग व ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर भुगतान की इंट्री के आधार पर अमर उजाला ने 20 जुलाई के अंक में खबर प्रकाशित की थी।
इसका शासन में संज्ञान लिया गया। अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने पंचायतीराज निदेशक को आदेश जारी किया है, जिसमें सचिव को निलंबित कर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कहा गया है।
आदेश में कहा गया है कि ग्राम पंचायत मदनपुर के तत्कालीन सचिव (ग्राम पंचायत अधिकारी) विनय कुमार सिंह द्वारा वर्ष 2019-20, 20-21 व 2021-22 में अपने व अपने संबंधियों के निजी खातों में लाखों रुपये का भुगतान किया गया है।
इस मामले में सचिव को निलंबित कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही प्रकरण की जांच कराकर शासन को उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। इससे सचिव का निलंबन तय हो गया है।
प्रशासक पर भी हो सकती है कार्रवाई
सीडीओ एम. अरून्मोली ने बताया कि वित्तीय अनियमितता में सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शासन से आदेश जारी होने की जानकारी मिली है, लेकिन अभी आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासक के कार्यकाल में सचिव के खाते में भुगतान किए जाने की भी जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर प्रशासक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होगी।