फर्रुखाबाद। एसीएमओ ने शिकायतों के आधार पर शहर के चार अस्पतालों की जांच की। बिना पंजीकरण अमानक चलते मिले चारों अस्पताल सील कर दिए।
शहर के मसेनी चौराहे के निकट स्थित एवीएस अस्पताल में प्रसव के बाद नवजात की मौत होने पर जमकर हंगामा व परिजनों से मारपीट हुई थी। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया गया है। इसके चलते अस्पताल संचालक को एसीएमओ ने नोटिस जारी किया था। सही जवाब न मिलने पर एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने मंगलवार शाम अस्पताल की जांच की। उन्होंने पंजीकरण न होने से अस्पताल की ओटी व लेबर रूम सील कर दिया। इसके अलावा उन्होंने शिकायतों के आधार पर जांच के दौरान बिना पंजीकरण चल रहे जसमई स्थित प्रतीक्षा हास्पिटल की ओटी व वार्ड, जबकि जय मां लक्ष्मी व देवरामपुर स्थित न्यू जीवनरेखा हास्पिटल सील कर दिया। इसमें प्रतीक्षा हास्पिटल में आयुर्वेदिक के लाइसेंस पर एलोपैथिक इलाज किया जा रहा था। (संवाद)