फर्रुखाबाद। पुलिस ने जहरखुरानी गिरोह के चार शातिरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसमें सरगना भी शामिल है। 11 दिन पहले गिरोह के सदस्यों ने ट्रक चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर 58 हजार रुपये व मोबाइल लूटा था।
कानपुर के मोहल्ला गोपाल नगर सैनिक चौराहा निवासी चालक नवल किशोर गुप्ता 20 अक्तूबर को कायमगंज में ट्रक से माल उतारकर वापस रहा था।
शमसाबाद थाना क्षेत्र में जहरखुरान नवल किशोर गुप्ता को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर 58 हजार रुपये व मोबाइल लूटकर भाग गए थे।
एसपी ने खुलासे के लिए एसओजी प्रभारी अशोक कुमार व एसओ शमसाबाद मनोज भाटी सहित सर्विलांस टीम को लगाया था।
सोमवार सुबह पुलिस की टीमों ने हजियापुर चौराहे के पास से मुठभेड़ में जनपद कासगंज थाना पटियाली गांव के मझोला निवासी राकेश उर्फ बबलू, थाना गंजडुडवारा मोहल्ला नई बस्ती श्याबलपुर निवासी रईस उर्फ पच्चतर, हसनैन, थाना मऊदरवाजा के गांव गुमटी नगला निवासी शैलेंद्र को पकड़ लिया।
इनके खिलाफ मुठभेड़, मादक पदार्थ, अवैध शस्त्र के मुकदमे दर्ज किए गए। एएसपी अजय प्रताप ने पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा किया।
गिरोह के सदस्यों के पास से पुलिस ने दो तमंचे, दो कारतूस, 250 ग्राम नशीला पाउडर, 120 नशीली गोली, घटना में प्रयुक्त बाइक, लूटा गया मोबाइल व 8500 रुपये बरामद किए हैं।
एएसपी ने बताया कि गिरोह के सरगना रईस उर्फ पच्चतर के खिलाफ जनपद कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद में धोखाधड़ी, गैंगस्टर, मादक पदार्थ के 17 मुकदमे दर्ज हैं।
राकेश उर्फ बबलू के खिलाफ भी तीनों जनपदों में जानेलवा हमला, शस्त्र अधिनियम, मादक पदार्थ के 11 मुकदमे दर्ज हैं। हसैनन व शैलेंद्र के खिलाफ कासगंज, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद में चार-चार मुकदमे दर्ज हैं।