फर्रुखाबाद। भयमुक्त मतदान कराने के लिए साढ़े चार हजार पुलिसकर्मी लोकसभा चुनाव में लगाए गए हैं। चुनाव के लिए 2500 होमगार्ड व 16 कंपनी पैरामिलेट्री फोर्स व पीएसी के जवान भी तैनात किए गए हैं। ड्यूटी स्थल जानने के ऑनलाइन व्यवस्था के तहत पुलिस कर्मियों को क्यूआर कोड स्कैन कर ड्यूटी दी गई।
लोकसभा चुनाव मतदान को शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर फोर्स पहुंच गया। गैर जनपदों से 318 इंस्पेक्टर व दरोगा, 3116 सिपाही व दीवान, 2027 होमागार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। जिले के 200 इंस्पेक्टर व दरोगा, 893 सिपाही व दीवान, 461 होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी मतदान में लगी है। इसके साथ 16 कंपनी पैरामिलेट्री फोर्स व पीएसी के जवान भी मतदान में तैनात किए गए है।
संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है। पुलिस व प्रशासन की ओर से सेक्टर मजिस्ट्रेट व कलस्टर मोबाइल टीम को लगाया गया है। जो निर्धारित मतदान केंद्रों पर सोमवार को पूरे समय तक भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था व मतदान प्रतिशत की जानकारी करेंगे। मतदान शुरू होने से पूर्व ही जनपद की सीमाओं पर लगे 16 बैरियर पर लगातार चेकिंग की जाएगी। जनपद के अंदर भी 25 स्थानों पर पिकेट लगाई गई है।