नवाबगंज। मजदूरी के रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद मजदूर का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। पत्नी ने पति के तीन साथियों पर हत्या करने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना व कस्बा के मोहल्ला पुराना गनीपुर निवासी मजदूर वीरेंद्र उर्फ जइला ने अपने तीन साथियों के साथ नगर पंचायत का चुनाव लड़ रहे लोगों के पोस्टर चस्पा कराए थे। रविवार शाम को वीरेंद्र उर्फ जइला का साथियों से मजदूरी के रुपये के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। जानकारी होने पर पत्नी नीलम थाने में पति के साथियों के खिलाफ शिकायत करने चली गई।
वीरेंद्र घर आया और कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर ली। नीलम जब थाने से वापस आई तो पति को कमरे में कुंडे पर अंगौछे से फंदे से लटका पाया। पड़ोसियों की मदद से नीलम ने पति को सीएचसी लेकर पहुंची। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
नीलम ने पति के तीन साथियों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाकर तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में मजदूर की मौत फांसी लगने से दम घुटने के कारण होना बताई गई।