फर्रुखाबाद। आजमगढ़ जेल से स्थानांतरित होकर सेंट्रल जेल पहुंचे सपा के बाहुबली विधायक रमाकांत यादव से पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने मुलाकात की। उन्होंने बताया कि विधायक कई बीमारियों से पीड़ित हैं। उन्हें अच्छे इलाज की सख्त जरूरत है।
आजमगढ़ की पवई विधानसभा क्षेत्र से बाहुबली विधायक रमाकांत यादव तीन बार सांसद भी रहे। वह माहुल शराब कांड के अलावा एससीएसटी समेत कई मुकदमों में वांछित हैं। पुलिस ने गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया था।
आजमगढ़ जेल में बंद होने के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 23 अगस्त को जेल में मिलने गए थे। इसी के बाद सरकार की संस्तुति से पिछले सप्ताह सेंट्रल जेल में स्थानांतरित कर दिया गया। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर जेल में हो रही दिक्कतों और बीमारियों की जानकारी दी थी।
सोमवार को पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और जिला सदस्यता प्रभारी चंद्रपाल सिंह यादव ने रमाकांत यादव से मुलाकात की। मुलाकात के बाद चंद्रपाल ने बताया कि विधायक काफी बीमार हैं। वह मुलाकात में हुई बातचीत का ब्योरा प्रदेश पदाधिकारियों को देंगे।