शमसाबाद। तनाव को देखते हुए चौथे दिन भी कस्बे में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे। एसडीएम व सीओ ने नगर में रूट मार्च कर दोनों वर्गो के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला दलवीर खां निवासी बिलाल ने फेस बुक आईडी पर लगी फोटो हटाने के दबाव बनाने के विरोध में मंगलवार को मोहल्ले के मोहित व उसके दो साथियों को पीट दिया था। इसके बाद से कस्बे में तनाव की स्थित बनी हुई।
पुलिस ने मोहित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बिलाल को गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार शाम को बिलाल पक्ष के मोहल्ला गोदाम निवासी हुसैन अली के साथ मोहित व उसके साथियों ने मारपीट की थी। पुलिस ने 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
चौथे दिन शुक्रवार को भी एसडीएम संजय कुमार सिंह, सीओ सोहराब आलम फोर्स के साथ थाने में डटे रहे। चौराहे-तिराहों पर पुलिस के जवान सतर्कता से ड्यूटी करते रहे।
एसडीएम व सीओ ने नगर में रूट मार्च कर जनपद की गंगा जमुनी तहजीब को बनाए रखने की अपील की। एसपी अशोक कुमार मीणा थाना क्षेत्र में चल रही गतिविधियों को लेकर मातहतों से दिन में कई बार जानकारी करते रहे।
भारतीय जनता पार्टी के सांसद मुकेश राजपूत शुक्रवार शाम को मोहल्ला दलवीर खां निवासी जोगराज के घर पहुंचे।
वहां उन्होंने जोगराज के पुत्र मोहित से पूरे घटनाक्रम की जानकारी की। मोहित सहित वहां मौजूद लोगों ने सीओ कायमगंज सोहराब आलम पर पक्षपात करने का आरोप लगाया।
सांसद ने सभी ग्रामीणों के बयान दर्ज करवाकर इस मामले कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।