संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतपुर। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आई फ्लू तेजी से फैला है। शनिवार को पीएचसी पर आई ड्रॉप न मिलने पर मरीजों ने हंगामा कर दिया। फार्मासिस्ट के गायब होने पर वार्ड ब्वाय ने दवाई बांटी। एक मरीज को गलत दवा देने पर डॉक्टर ने फटकार लगाते हुए दवाई बदलवाई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर की ओपीडी में मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। क्षेत्र में आई फ्लू, खुजली व जुकाम-बुखार से बाढ़ पीड़ित प्रभावित हो रहे हैं। शनिवार को अस्पताल में 295 मरीज दवा लेने पहुंचे। इनमें सर्वाधिक 120 मरीज आई फ्लू से पीड़ित थे। दवा काउंटर पर जब मरीजों को ड्रॉप नहीं मिले तो उन्होंने हंगामा कर दिया।
इस पर डॉ.गौरव वर्मा अपने कक्ष से उठकर गए और नाराजगी जताते हुए कहा कि ड्राॅप पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को क्यों नहीं दिए जा रहे हैं। फार्मासिस्ट ज्ञानपाल उठकर चले गए। फिर वार्ड ब्वाय राकेश सिंह दवा बांटने लगे। इस दौरान गांव राजपुर निवासी मरीज ऋषि कुमार को वार्ड ब्वाय ने दवाई दी। जब उन्होंने डॉक्टर तो दिखाई तो पता चला कि वार्ड ब्वाय ने दवाई दूसरी दे दी थी।
डॉक्टर ने खुद काउंटर पर जाकर दवा बदली। डॉ.गौरव वर्मा ने बताया कि ड्रॉप देने को लेकर फार्मासिस्ट से कुछ मरीजों की कहासुनी हो गई थी। उन्हें ड्रॉप दिलवाकर मामला शांत कर दिया गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आई फ्लू के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं।