फर्रुखाबाद। एसपी ने खनन माफिया से मिलीभगत में बबना चौकी इंचार्ज, दीवान व तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। कई माह से पुलिस की मिलीभगत से नवाबगंज थाना क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन चल रहा था। खनन माफिया चौकी से लेकर थाने में सुविधा शुल्क पहुंचा रहा था।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव चंदन नगला में अवैध खनन की सूचना पर गए सिपाही रोहित की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर मार दी गई थी। पुलिस घायल सिपाही को घटनास्थल से उठाकर एक डॉक्टर के यहां ले गई थी। सिपाही के जाहिरा चोट नहीं थी। ऐसे में सिपाही को वापस थाने ले आए। वहीं, बबना चौकी इंचार्ज भूकेंद्र सिंह, दीवान सुनील यादव माफिया से मिलकर मामले को सुलटाने में जुट गए।
वहीं, सिपाही की तबीयत बिगड़ने पर उसको नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। सुबह जब सिपाही रोहित की मौत हो गई तो नवाबगंज थाने में खलबली मच गई। पुलिस रात भर पूरे मामले को दबाने में जुटी रही। चौकी इंचार्ज भूकेंद्र ने घटना की जानकारी किसी भी उच्चाधिकारी को नहीं दी थी। एसपी विकास कुमार ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। सीओ मोहम्मदाबाद अरुण कुमार ने प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट एसपी को दी। अवैध खनन में ग्रामीण के खिलाफ मुकदमा
नवाबगंज। थाना क्षेत्र के गांव सितवनपुर पिथू के लेखपाल प्रभात कुमार अग्निहोत्री ने गांव के मजरा चंदन नगला निवासी सहवीर सिंह यादव के खिलाफ अवैध रूप से मिट्टी का खनन करने का मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि सहवीर ने अवैध रूप से अपने खेत में मिट्टी का खनन करवाया। गौरतलब है कि चंदन नगला में खनन की सूचना पर पहुंचे सिपाही रोहित की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद एसडीएम सदर गजराज सिंह, सीओ कायमगंज एसके सिंह, खनन अधिकारी संजय प्रताप ने मौके पर जांच की थी। एसडीएम ने डीएम को भेजी रिपोर्ट में बताया कि यहां पर 900 घन मीटर मिट्टी का अवैध रूप से खनन किया गया है। (संवाद)
रविवार देर रात खनन माफिया से सांठगांठ के आरोप में एसपी ने बबना चौकी इंचार्ज भूकेंद्र सिंह, दीवान सुनील यादव, सिपाही कर्मवीर सिंह, चमन सिंह, टिंकू को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए।