कमालगंज में होटल के बाहर खड़ी जेसीबी मशीन हटाने की बात कहने को लेकर रविवार दोपहर विवाद हो गया था। होटल में घुसकर मारपीट करने के मामले में संचालक ने 5 नामजद सहित 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मैनपुरी जिले के किशनी थाना के कटरा निवासी प्रवीण सिंह ने कानपुर के सुखशोरा निवासी धर्मपाल, आजमगढ़ के पकड़ी कला निवासी अभिनाश, हरदोई के दुलारपुर निवासी दिलीप सिंह, बिहार प्रांत के गोपालगंज जिले के संडीला बाजार निवासी विशाल कुमार, वाराणसी के थाना अली नगर के मुगलसराय निवासी महेंद्र यादव व 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता भटपुरा में मेन रोड पर स्थित जायका होटल का संचालक है। रविवार दोपहर करीब 1 बजे वह ग्राहकों को खाना खिला रहा था। तभी क्षेत्र में सीएनजी गैस पाइप लाइन डालने का कार्य करने वाले कर्मचारी एक राय होकर हाथों में लाठी डंडे लेकर होटल में पहुंचे।
आरोपी उसके व कर्मचारी हिमांशु, बृजेश, भोलू व छोटू के साथ गाली-गलौज कर लाठी डंडों से मारपीट करने लगे। राहगीरों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। मामले में पुलिस ने आरोपी धर्मपाल, अविनाश, दिलीप सिंह, विशाल व महेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार दोपहर पूछताछ के बाद पुलिस ने पांचों का शांतिभंग में चालान कर दिया।