फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: पुलिस के सामने फायरिंग, वृद्ध की मौत, दो घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


फर्रुखाबाद। चुनावी रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग व मारपीट में वृद्ध की मौत हो गई। उसके दो पुत्र घायल हो गए। पुलिस ने दूसरे पक्ष के दो भाइयों को हिरासत में ले लिया है। परिजनों ने सरह चौकी पुलिस पर दूसरे पक्ष से मिलीभगत व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।



फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव सरह निवासी बृजनंदन शुक्ला (62) की पंचायत चुनाव से गांव के ही दूसरे पक्ष से रंजिश चल रही है। बृजनंदन पक्ष का ग्रामीण प्रधानी का चुनाव हार गया था। शुक्रवार को बृजनंदन के पुत्र चंदन व त्रिपुरारी बाइक से चौकी के पास से गुजर रहे थे। उसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने दोनों भाइयों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। पुत्रों के साथ मारपीट की सूचना पर बृजनंदन सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। वहां दोनों पक्ष मारपीट कर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। छर्रे लगने से कई लोग घायल भी हो गए। काफी देर तक घटनाक्रम चलता रहा और मौके पर मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
विज्ञापन


बृजनंदन के सिर में भी टकोरा से हमला किया गया। परिजन घायल बृजनंदन, चंदन व त्रिपुरारी को लोहिया अस्पताल लेकर आए। डॉक्टर ने बृजनंदन व चंदन को रेफर कर दिया। नाला मछरट्टा स्थित नर्सिंगहोम में इलाज के दौरान बृजनंदन की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर एएसपी डॉ. संजय कुमार, सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह, कोतवाल सचिन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी ली। परिजनोंं ने सरह चौकी पुलिस पर दूसरे पक्ष से मिले होने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दूसरे पक्ष के दो भाइयों को हिरासत में ले लिया है।



एसपी से मिलने पहुंचे परिजनों को पीआरओ ने भगाया

पैर में गोली व सिर पर टकोरा लगने से घायल बृजनंदन को एंबुलेंस से लेकर परिजन एसपी के आवास पर गुहार लगाने पहुंचे। वहां आधा घंटे मिन्नत करने के बाद भी पीआरओ ने परिजनों को एसपी से नहीं मिलने दिया। पुत्र को धक्का देकर बाहर निकाल दिया। वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर एसपी को जानकारी हुई। एसपी विकास कुमार ने एएसपी को जांच करने के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि पूरे मामले में जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



परिवार को तंग करती है पुलिस

सरह चौकी में तैनात सिपाही चौहान ने बृजनंदन के नाबालिग पुत्र विशाल पर मारपीट व फायरिंग की घटना के बाद लाठी से पीट दिया। इससे विशाल का हाथ सूज गया। विशाल ने आरोप लगाया कि पुलिस आए दिन पूरे परिवार को परेशान करती है। सूत्रों के मुताबिक इस घटना से गुस्साए लोगों ने चौकी के सिपाही चौहान से हाथापाई कर उसकी वर्दी भी फाड़ दी। सिपाही ने किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई।



पिता-पुत्र का कर दिया था चालान



बृजनंदन की भैंस की एक सप्ताह पहले करंट लगने से मौत हो गई थी। बृजनंदन ने दूसरे पक्ष के लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाकर चौकी में तहरीर दी। इसमें एक लाख रुपये का नुकसान होने की बात बताई थी। पुलिस ने इस मामले में बृजनंदन व उसके पुत्र को पकड़ लिया और दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया। पुत्र त्रिपुरारी ने चौकी पुलिस पर 50 हजार रुपये लेकर दूसरे पक्ष के कहने पर शांतिभंग में चालान करने का आरोप लगाया।
विज्ञापन


मृतक पर हत्या सहित कई गंभीर धाराओं के मुकदमे हैं दर्ज



सरह निवासी बृजनंदन पर हत्या, जानलेवा हमले सहित कई गंभीर धाराओं के 40 मुकदमे जनपद हरदोई व फर्रुखाबाद में दर्ज हैं। एक मुकदमे में हरदोई की अदालत से आजीवन कारावास की सजा भी हो चुकी है। वह पैरोल पर बाहर चल रहे थे। बृजनंदन का क्षेत्र में दबदबा था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें