फर्रुखाबाद। शहर की एक किराना की दो मंजिला दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जल गया। दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे में आग पर काबू पाया। दुकान में सबसे अधिक मेवा भरी थी, लिहाजा भारी नुकसान हुआ है। दुकान मालिक को शटर उठा दिखने से अराजकतत्व पर आग लगाने की आशंका है। पीड़ित ने 16 लाख रुपये का नुकसान जताते हुए तहरीर दी है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला बागकूंचा निवासी राजन पांडेय की थोक बाजार मन्नीगंज में किराना की दो मंजिला दुकान है। शनिवार को दुकान बंद कर वह घर चले गए। रविवार रात करीब ढाई बजे आसपास के लोगों ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। उनके पहुंचने पर दुकान आग से घिरी थी। शटर का कुछ हिस्सा उठा हुआ था। सूचना मिलते ही पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने आग बुझाना शुरू किया।
करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद सुबह सात बजे आग पर काबू पाया जा सका। दुकान के प्रथम तल पर बने हॉल में मखाना समेत सभी मेवा भरी थीं। इसके अलावा किराना का पूरा सामान भी जलकर राख हो गया। राजन पांडेय ने बताया कि आग से करीब 16 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
बाजार के लोगों ने पहुंचकर दुकान में जला व अधजला सामान बाहर निकाला। देर शाम तक सफाई का काम चलता रहा। पीड़ित ने कादरीगेट थाना पुलिस को आग लगाने का संदेह जताते हुए तहरीर दे दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। राजन ने बताया कि मुख्य लाइन भी बंद रहती थी। लिहाजा शार्ट सर्किट नहीं हो सकता। आग किसी अराजकतत्व ने लगाई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जाएंगे।