फर्रुखाबाद जिले में नौ कोल्ड स्टोरेज संचालकों ने बिना लाइसेंस नवीनीकरण के ही आलू भंडारित कर लिया। इनमें पूर्व सांसद सहित दो शीतगृह मालिकों के खिलाफ गुरुवार को मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिला आलू विकास अधिकारी आरएन वर्मा ने बिना नवीनीकरण कराए आलू भंडारण करने में नौ शीतगृह मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह से अनुमोदन लिया है।
उन्होंने गुरुवार को काश्तकार कोल्ड स्टोरेज के संचालक यशपाल सिंह के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में, जबकि श्रीराम कोल्ड स्टोरेज पांचालघाट के संचालक पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। जिला आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी आरएन वर्मा ने बताया कि मां गायत्री कोल्ड स्टोरेज जहानगंज, अर्जुन कोल्ड स्टोरेज कमालगंज, यादव कोल्ड स्टोरेज राजेंद्र नगर, मां वैष्णो कोल्ड स्टोरेज फर्रुखाबाद, हबीब कोल्ड स्टोरेज बंथल शाहपुर कमालगंज, कायमगंज कोल्ड स्टोरेज कायमगंज के संचालक के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।