शमसाबाद। जमीन के बंटवारे के विवाद में पांच लोगों ने दंपती को स्कूल में घुसकर मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घायल का मेडिकल कराया।
थाना क्षेत्र के गांव कलुआपुर सानी निवासी विशाल सोमवार की शाम को छह बजे स्कूल में काम कर रहा था। उसी दौरान गांव के विमलेश, रश्मी राठौर, राजीव कुमार, उमा देवी, जनपद हरदोई थाना हरपालपुर गांव सिरसा बर्रा निवासी मुलायम सिंह दरवाजे पर आए। जमीन के बंटवारे को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर विशाल व पत्नी अंबिका को स्कूल के अंदर बंद करके शटर डाल दिया। सभी लोगों ने दंपती को लात घूसों व डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। शोर सुनकर पिता लल्लू सिंह सहित अन्य लोगों के आ जाने पर यह लोग जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। पुलिस ने विशाल की तहरीर पर विमलेश सहित पांच लोगों के खिलाफ स्कूल में बंधक बनाकर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने दंपती का सीएचसी में मेडिकल कराया। एसओ मनोज भाटी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।