जहानगंज। मेड़ में ट्रैक्टर का पहिया जाने से दो पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट के बाद फायरिंग की गई। दोनों ओर से आठ लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दंपती को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने एक युवक को पकड़ा है।
थाना क्षेत्र के गांव गदनपुर तुर्रा के मजरा मझगमा निवासी बांकेलाल शनिवार को अपने खेत में आलू की बुआई करा रहे थे। तभी ट्रैक्टर का पहिया पड़ोसी रमेश के खेत में चला गया। रमेश भी खेत में आलू की बुआई करा रहा था। इस पर बांकेलाल व रमेश में गाली-गलौज होने लगा। शोर सुनकर दोनों पक्षों के लोग आ गए। लाठी-डंडों व फावड़े से एक दूसरे से मारपीट करने लगे। इसी बीच दोनों पक्षों ने लाइसेंसी व अवैध असलहों से फायरिंग कर दी।
गांव के लोगों की सूचना पर एसओ जितेंद्र पटेल मौके पर पहुंचे। कुछ देर में ही सीओ मोहम्मदाबाद अरुण कुमार भी आ गए। मारपीट में एक पक्ष से बांकेलाल, पत्नी शर्मिला देवी, विपिन, विश्राम, विक्रम, ओमजी, खुशीराम व दूसरे पक्ष से अम्रभन व रमेश घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी कमालगंज भेजा। गंभीर घायल बांकेलाल व पत्नी शर्मिला देवी को डॉक्टर ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने मारपीट व फायरिंग के आरोप में जयचंद्र को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से फावड़ा भी बरामद किया। एसओ जितेंद्र पटेल ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।