फर्रुखाबाद। तीन ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार की आशंका पर जिलाधिकारी ने जांच कमेटी गठित की हैैं। यह कार्रवाई ग्रामीणों की शिकायत पर की गई है। मोहम्मदाबाद क्षेेत्र की ग्राम पंचायत मौधा निवासी भूरे सिंह, सर्वेश पाल, दिनेश सिंह आदि ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी।
आरोप है कि नाली मरम्मत के नाम पर 10 लाख 75 हजार 875 रुपये खर्च दिखाया गया है। इसके अलावा भी कई कार्य कराना दिखाकर लाखों रुपये का भ्रष्टाचार किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने जांच के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी व सहायक अभियंता डीआरडीए की कमेटी गठित कर जांच रिपोर्ट तलब की है।
राजेपुर ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरह निवासी रामनरायन, श्रीपाल, राममनोहर, सुभाष आदि ने डीएम से शिकायत की। इसमें कहा कि हैंडपंप रिबोर, सामुदायिक शौचालय, इंटरलॉकिंग, पंचायतघर की रंगाई-पुताई आदि के नाम पर लाखों का फर्जी भुगतान किया गया। इसके अलावा प्रधान ने अपने भतीजे के नाम भी फर्जी तरीके से भुगतान किया। मैटेरियल खरीद के नाम पर भी लाखों रुपये का भ्रष्टाचार किया गया।
डीएम ने जांच के लिए अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी व डीएसटीओ की कमेटी गठित कर दी। नवाबगंज की ग्राम पंचायत पिलखना निवासी प्रदीप कुमार आदि की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी व डीएसटीओ की कमेटी गठित कर जांच करने के आदेश दिए हैं।