फर्रुखाबाद जिले में माफिया के खिलाफ तेजी से कार्रवाई कर भय मुक्त समाज का संदेश देने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। थाने में सुनवाई नहीं होने पर जनता सीयूजी नंबर पर फोन करे। तत्काल कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर ठोस कार्रवाई की जाएगी। एसपी विकास कुमार ने पुलिस लाइन के सभागार में बताया कि वह 2017 बैच के यूपी कैडर के आईपीएस हैं।
वह गोरखपुर, अलीगढ़, वाराणसी, आगरा में तैनात रह चुके हैं। बतौर एसपी फर्रुखाबाद में उनका पहला चार्ज है। शासन की मंशा के अनुरूप माफिया के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की जाएगी। इसमें कोई हीलाहवाली नहीं होगी। इसके साथ गैंगस्टर के आरोपियों की संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई भी होगी। सिंडीकेट अपराधों की कमर तोड़ने के लिए रणनीति के तहत काम किया जाएगा। ताकि ऐसे अपराधी पुन: तैयार न हो।
मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का शत-प्रतिशत पालन किया जाएगा। शातिर अपराधियों को सजा दिलाने पर जोर रहेगा। फरियादी थाने कोतवाली में जाते हैं और वहां सुनवाई नहीं हो, तो वह उनके सीयूजी नंबर 9454400267 पर फोन करें। तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिसकर्मी यदि भ्रष्टाचार की घटना में लिप्त पाए जाएंगे, तो ठोस कार्रवाई की जाएगी। साइबर क्राइम की घटनाओं का खुलासा कर आम जनता को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान एएसपी डॉ संजय कुमार मौजूद रहे।