फर्रुखाबाद। कारोना वायरस का प्रकोप बढ़ने के साथ लोगों में खौफ भी बढ़ा है। इससे बाहर से आने वाले व्यक्ति की तत्काल पड़ोसी कंट्रोल रूम को सूचना दे रहे हैं। इसको देखते हुए जिलाधिकारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कोरोना वायरस नियंत्रण को समीक्षा बैठक की। उन्होंने रैपिड एक्पर्ट की 14 टीमें गठित कर उन्हें वाहन भी उपलब्ध करा दिए हैं। इससे सूचना मिलते ही टीम मौके पर जाएगी और आवश्यकतानुसार जागरूकता, मरीज में लक्षण के अनुसार इलाज व जरूरत पड़ने पर आइसोलन वार्ड में भर्ती कराएगी। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने कोरोना वायरस पर प्रभावी नियंत्रण को समीक्षा बैठक की। उन्होंने 14 रैपिड एक्सपर्ट टीमें गठित कीं। यह टीमें एक सप्ताह में बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच करेंगी। इसके साथ ही संबंधित व्यक्तियों की 14 दिन तक एकांत (क्वारंटीन प्रोटोकॉल) के तहत निगरानी की जाएगी। गांवों में बाहर से लौटे व्यक्तियों को 14 दिन तक क्वारंटीन प्रोटोकॉल में रखने के लिए प्रधान, लेखपाल व सचिवों को भी सहयोग करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी खंड विकास अधिकारी बाहर से आए व्यक्ति पर विशेष नजर रखेंगे। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वह घर पर रहकर करोना वायरस के संपर्क से बचें। यदि किसी जरूरी काम से बाहर निकलना पड़े तो आसपास के लोगों से कम से कम एक मीटर की दूरी बनाए रखें। लॉकडाउन के समय में घर पर रहकर जिला प्रशासन का सहयोग करें। सैनिटाइजेशन के लिए बार बार साबुन व साफ पानी से हाथ धोते रहें। जिलाधिकारी ने बताया कि रैपिड एक्सपर्ट टीमों की मोबाइल सेवा होगी। बाहर से आने वाले व्यक्ति, किसी के बीमार होने पर इलाज व जागरूकता के लिए काम करेंगी।