फर्रुखाबाद। बारिश की आफत रेलवे पर भी टूट पड़ी। फर्रुखाबाद-कानपुर रेल लाइन पर नेकपुर कला के पास करीब 250 मीटर रेल लाइन पानी में डूबी है। रेलवे ने ट्रेनों पर कॉसन लगा दिया है। देर रात यहां से गुजरने वाली 15 ट्रेनों को 20 किमी की गति से गुजारा गया। हालांकि रेलवे कर्मचारियों ने दोपहर बाद पंपसेट लगाकर पानी निकालने का प्रयास शुरू कर दिया है।
फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ रेलवे स्टेशनों के बीच नेकपुर कला में बड़ा तालाब है। इस तालाब में कई मोहल्लों का पानी जमा होता है। करीब ढाई दशक पहले बनी बड़ी पुलिया बंद होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। दूसरी ओर सड़क किनारे दीवार बंद होने से जल निकासी थम गई है। लिहाजा भोर से बारिश होने से करीब 250 मीटर दूरी तक ट्रैक के ऊपर पानी भर गया। काफी हिस्सा पूरी तरह पानी में डूबा हुआ है।
ट्रेनों की गति अधिक होने की वजह से रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ कमलेश कुमार झा ने कॉसन ले लिया। स्टेशन अधीक्षक योगेंद्र शाक्य ने बताया कि दोपहर 12:40 बजे कॉसन लगा दिया है। अब जलभराव वाले स्थान पर ट्रेनें 20 किलोमीटर की गति से निकाली गईं।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ ने बताया कि पंपसेट लगाकर पानी निकालना शुरू करवा दिया है। जिला प्रशासन से भी सहयोग मांगा गया है।ये इनसेट
ट्रेनें रहीं प्रभावित
कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर आने वाली उत्सर्ग एक्सप्रेस, अनवरगंज-फर्रुखाबाद एक्सप्रेस, बड़ोदरा स्पेशल सुपरफास्ट, अहमदाबाद स्पेशल फेयर एक्सप्रेस, मथुरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, कासगंज एक्सप्रेस, कानपुर सेंट्रल पैसेंजर ट्रेन, बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट, कालिंदी एक्सप्रेस, गोमतीनगर-जयपुर एक्सप्रेस, अनवरगंज-फर्रुखाबाद पैसेंजर सहित 15 ट्रेनें और मालगाड़ियों को कॉसन देकर गुजारा गया।