नवाबगंज। मंझना रोड स्थित बघार नाला पुल पर शनिवार की रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक खाई में गिर गए। इसमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह घायल खंदी से सड़क पर आया और राहगीर की मदद से सीएचसी पहुंचा। सुबह गांव के लोगों ने खाई में शव पड़ा देख पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कायमगंज क्षेत्र के गांव अब्दुल रहमानपुर निवासी विकास कुमार (18) मजदूरी करता था। वह शनिवार को गांव के साथी जयराम के साथ बाइक से जसमई दरवाजा मजदूरी करने आया था। रात करीब नौ बजे बाइक से दोस्त के साथ घर लौट रहा था। मंझना रोड बघार नाला पुल पर सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक समेत दोनों खाई में गिर गए।
रविवार की सुबह गांव के लोग वहां से निकले तो खाई में बाइक और युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव सीएचसी में रखवा दिया। उसके पास से बरामद मोबाइल से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी गई।
इस पर पिता संतोष कुमार, चाचा नेकसे सीएचसी पहुंचे। विकास का शव देखकर दोनों रोने बिलखने लगे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीएचसी में भर्ती घायल जयराम ने बताया कि बाइक खाई में गिरने के बाद जब उसको होश आया तो वह किसी तरह खाई से निकल कर सड़क पर आया। राहगीर की मदद से वह सीएचसी में भर्ती होने के बाद बेहोश हो गया। सुबह होश आने पर साथी विकास की मौत होने की जानकारी मिली।
सीएचसी नवाबगंज में गमगीन खड़े विकास के परिजन। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD