कमालगंज। नगला पजाबा निवासी 20 वर्षीय सिलाई कारीगर ने रविवार को जयपुर से आकर सीएचसी पर जांच कराई थी। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे कोविड -19 एल -1 अस्पताल भेज दिया गया था। सोमवार को गांव निवासी उसके 21 साल के दोस्त ने भी रैपिड एंटीजन टेस्ट से जांच कराई। इसमें वह पॉजिटिव निकला। यह युवक शनिवार को जयपुर से नगला पजाबा गांव आया था। इसे भी कोविड अस्पताल भेज दिया गया।वह जयपुर के सांगानेर में एक निर्यातक कंपनी में सिले कपड़ों का परीक्षण कर पैकिंग कराता है। नगला पजाबा गांव में उसके परिवार में माता-पिता व छोटा भाई रहता है। तीन बहनों की शादी हो चुकी है। दो दिन के भीतर जयपुर से आए दो युवकों के संक्रमित निकलने से गांव में खलबली है। दोनों युवक एक-दूसरे के दोस्त हैं और जयपुर में अक्सर मिलते हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य टीम भेजकर गांव में ही जांच कराए जाने की मांग की है।