फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला पजाबा निवासी बेसिक शिक्षा विभाग के लेखा अनुभाग के लिपिक सुरजीत ने बेटी दीपिका का विवाह कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव नसरतपुर निवासी अमित के साथ एक मई को किया था। मंगलवार सुबह लिपिक किराए की बोलेरो से दामाद अमित, पुत्री दीपिका, शिक्षिका पत्नी श्रीदेवी, पुत्र मंजीत कुमार, बहू सुषमा, पौत्री आराध्या, आस्था को साथ लेकर पटियाली में सरकार विश्वहरि के दर्शन व सत्संग के लिए लेकर जा रहे थे। दुर्घटना में लिपिक का पूरा परिवार घायल हो गया। घायलों को कासगंज के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लिपिक की पुत्री प्रियंका घर पर अकेली थी। वह लोक निर्माण विभाग के (निर्माण खंड) में लिपिक के पद पर कार्यरत है। उसको 11 बजे परिजनों के घायल होने की सूचना मिली। प्रियंका घबरा गई और जोर-जोर से रोने लगी। शोर सुनकर गांव के लोग उसके घर पर पहुंचे । प्रियंका एक-एक करके सभी परिजनों का फोन से हालचाल ले रही थी। दामाद व लिपिक की हालत गंभीर होने पर उनको आगरा रेफर कर दिया गया है।