फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी ने कर करेत्तर की बैठक कर राजस्व वसूली की समीक्षा की। उन्होंने कम वसूली पर खनन अधिकारी से स्पष्टीकरण और अनुपस्थित मंडी सचिव का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ.वीके सिंह ने सभी विभागों के राजस्व वसूली की समीक्षा की। वाणिज्य कर विभाग की वसूली की स्थिति खराब पाई गई। डीएम ने कायमगंज क्षेत्र में तंबाकू पर हो रही कर चोरी की जांच कराने के निर्देश दिए। स्टांप एवं निबंधन विभाग की राजस्व प्राप्ति लक्ष्य से कम पाए जाने पर नाराजगी जताई। मंडी की वसूली लक्ष्य के सापेक्ष अधिक मिली। इस पर डीएम ने मंडियों का लक्ष्य बढ़ाने के लिए शासन को पत्र लिखने की बात कही।
सातनपुर मंडी सचिव रामसेवक वर्मा बैठक से गायब रहे। डीएम ने मंडी सचिव से स्पष्टीकरण लेने के साथ वेतन रोकने के निर्देश दिए। खनन विभाग की वसूली होने और काम में लापरवाही बरतने पर खनन अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया। नगर निकायों की राजस्व वसूली लक्ष्य के सापेक्ष कम होने पर जिलाधिकारी ने अभियान चलाकर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि आबकारी विभाग अवैध शराब के खिलाफ व परिवहन विभाग डग्गामार वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाए। अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति आदि अधिकारी मौजूद रहे।