फर्रुखाबाद। जनपद के 79 आलिया व उच्च आलिया मदरसों में अध्ययनरत 4484 छात्रों की परीक्षा बुधवार को दो पालियों में शुरू होगी। इसके लिए जिलाधिकारी ने 11 परीक्षा केंद्र बनाकर स्टेटिक व जोनल मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। चार सचल दलों का भी गठन किया गया है।
जनपद में आलिया व उच्च आलिया 79 मदरसों के 4484 छात्र-छात्राओं ने बोर्ड परीक्षा के फार्म भरे थे। इनकी बोर्ड परीक्षा 17 मई से 24 मई तक दो पालियों में कराई जाएगी। प्रथम पाली में सुबह 8 से 11 बजे तक मुंशी, मौलवी(सेंकेंडरी) के 3396 छात्र शामिल होंगे। जबकि दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक आलिम, कामिल व फाजिल(सीनियर सेकेंडरी) के 1088 छात्र परीक्षा देंगे। इसके लिए जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने 11 परीक्षा केंद्र मदरसा इस्लामियां फैज-ए-आम हमीरपुर खास कायमगंज, मदरसा अहसनुल उलूम शेखपुर कमालगंज, मदरसा फैज ए आम हायर सेकेंडरी स्कूल गढ़ी खानखाना फर्रुखाबाद, मेंहदी हसन इंटर कालेज जरारी कमालगंज, लेट शफीक अहमद इंटर कालेज भड़ौसा कमालगंज, मदरसा उस्मान अहमद पब्लिक स्कूल गंगाइच कमालगंज, मदरसा मौलाना अब्दुल गनी पब्लिक स्कूल अजीजलपुर, मौलाना आजाद इंटर कालेज, सोनी पारिया पब्लिक स्कूल व गंगा देवी इंटर कालेज कमालगंज में परीक्षा कराई जाएगी। सभी केंद्रों स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। एसडीएम सदर व कायमगंज को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसके अलावा चार सचल दल भी गठित किए। इसमें सचल दल प्रभारी पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अनिल चंद्र, खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश पाल, इंद्रप्रताप सिंह व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी जितेंद्र कुमार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर नकलचियों पर कार्रवाई करेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा होगी।