फर्रुखाबाद। पूर्व सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ दर्ज मुकदमे में ढाई वर्ष बाद भी देशद्रोह की धारा में चार्जशीट लगाने के लिए विवेचक शासन से अनुमति नहीं ले पाए हैं। पूर्व चेयरमैन ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर हाईकोर्ट की रिट के आदेश के अनुरूप कार्रवाई की मांग की है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला दलमीर खां निवासी भाजपा नेता व पूर्व चेयरमैन विजय गुप्ता ने चार नवंबर 2020 को मोहल्ला काजी टोला निवासी पूर्व सपा जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूखी, अब्दुल्ला आजम, मतूद, साकेब, मेराज, एजाज, धमेंद्र, मुसब्बर, इलू, गुलजार, शकील उर्फ पप्पू, नन्ना, गुड्डू, नहीम, रिहान, रेहान, आदब पठान व 500 अज्ञात के खिलाफ देशद्रोह सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पूर्व सपा जिलाध्यक्ष ने हाईकोर्ट से कुछ माह के लिए स्टे ले लिया था। विवेचक ने देशद्रोह की धारा में चार्जशीट लगाने के लिए शासन से अनुमति मांगी थी। इसके बाद से कार्रवाई ठप हो गई। पूर्व चेयरमैन विजय गुप्ता ने हाईकोर्ट में रिट दायर की थी। हाईकोर्ट में इस संबंध में आदेश जारी किए थे। सोमवार को विजय गुप्ता ने सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर हाईकोर्ट की रिट के आदेश के अनुरूप कार्रवाई की मांग की है। इसमें कहा कि विवेचक हर बार अनुमति नहीं मिलने की जानकारी कोर्ट में दे रहे है।