फर्रुखाबाद। सातनपुर मंडी में तैनात निरीक्षक की आईडी से निलंबन के बाद भी गेटपास कटते रहे। मामले की जानकारी पर मंडी सचिव ने उपनिदेशक कानपुर को रिपोर्ट भेज दी है। हालांकि उन्होंने तकनीकी कमी का भी उल्लेख किया है।
सातनपुर मंडी में गेहूं की सरकारी खरीद के लिए खोले गए क्रय केंद्र पर 20 दिनों तक कोई खरीद नहीं हो सकी। निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्र बंद मिलने पर केंद्र प्रभारी मंडी निरीक्षक शिवम सक्सेना के खिलाफ रिपोर्ट भेज दी गई। इस पर मंडी उपनिदेशक कानपुर ने मंडी निरीक्षक को 27 अप्रैल को निलंबित कर दिया। इसके बावजूद 28, 29 व 30 अप्रैल को मंडी निरीक्षक की आईडी से गेट पास कटते रहे।
मंडी सचिव रामसेवक वर्मा ने बताया कि निलंबन के बाद मंडी निरीक्षक की आईडी से गेटपास काटे जाने की रिपोर्ट उन्होंने उपनिदेशक को भेज दी है। हालांकि तकनीकी खराबी से भी यूजर आईडी गलत हो जाती है। उनकी तैनाती से पहले की तिथियों में कटे गेटपास में उनका आईडी नंबर शो हो रहा है। इससे मंडी निरीक्षक की आईडी गेटपास कटना तकनीकी खराबी हो सकती है। मंडी निरीक्षक शिवम सक्सेना ने बताया कि उन्होंने निलंबन के बाद कोई गेटपास नहीं काटा है।