फर्रुखाबाद। बिजली कटने के बाद पेयजल आपूर्ति ठप होने से परेशान कांशीराम कालोनी के महिला-पुरुषों ने सोमवार को ईओ दफ्तर और बिजली विभाग के एसई का घेराव कर लिया।प्रदर्शनकारियों ने पिछला बिल देने में असमर्थता व्यक्त की। एसई ने सख्ती दिखाते हुए बिल जमा न करने तक आपूर्ति न देने की बात कही। प्रदर्शनकारी धरने की चेतावनी देकर लौट गए।
बिजली बकाया की वसूली न होने पर बिजली विभाग ने तीन दिन पहले हैवतपुर गढि़या स्थित कांशीराम कालोनी की बिजली आपूर्ति बंद कर दी थी। इससे पेयजल संकट भी गहरा गया था। हिंदू महिला महासभा की नगर अध्यक्ष पुष्पा ठाकुर की अगुवाई में सोमवार सुबह सौ से अधिक महिला-पुरुषों ने ईओ दफ्तर का घेराव कर लिया।
प्रदर्शनकारियों ने पालिका और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। पुष्पा ठाकुर ने कहा कि करीब 13 साल पहले हम गरीबों को आवास दिए गए थे। वहां के लोगों को घर में रोटी खिलाना मुश्किल है। मकानों पर दो-दो लाख रुपये बिल किसी कीमत पर जमा नहीं किया जा सकता।
पालिका जनहित में पानी भी नहीं दे पा रही है। बिजली विभाग अभी तक सोता रहा। हम गरीबों के साथ अन्याय किया जा रहा है। पूर्व सभासद ने समझाने का प्रयास किया, मगर लोग नहीं माने। उन्होंने कहा कि बिजली नहीं मिली तो वह धरना और जाम लगाने का काम भी करेंगे।
इसके बाद सभासद जूली कसेरे के साथ महिला पुरुषों ने भोलेपुर स्थित अधीक्षण अभियंता के दफ्तर का घेराव कर लिया। एसई अजय कुमार से बातचीत की गई। प्रदर्शनकारी आज से ही बिल लेने की बात कह रहे थे, जबकि एसई ने शुरू से बिल देने की बात कही।
एसई ने किस्तों की सुविधा देने के लिए कहा, मगर लोग राजी नहीं हुए। उन्होंने चेतावनी दी कि वह प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर आशा देवी, राम ठाकुर, ऊषा सिंह, दिव्या, मधु, सुनीता, बबीता, निशा, जया मिश्रा, सीमा, आशमा, शाइदा खानम आदि थी।
-
दो बजे शुरू हुई पेयजलापूर्ति
आंदोलन शुरू होने के बाद हरकत में आए पालिका के जिम्मेदारों ने बिजली विभाग से कहकर कालोनी के दोनों नलकूपों की बिजली आपूर्ति शुरू करवा दी। इसके बाद इन्हें चालू करके दोपहर दो बजे के करीब पेयजलापूर्ति बहाल कर दी गई। इससे लोगों को कुछ राहत मिली।