फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: दफ्तर में नहीं मिले ईओ, 10 मिनट की खानापूरी

विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। निकायों में तैनात सफाई कर्मियों की समस्याएं सुनने पहुंची राज्य निगरानी समिति सदस्य पूजा वाल्मीकि को शहर नगर पालिका और कमालगंज नगर पंचायत में ईओ तक नहीं मिले। सफाई कर्मी नेता ने मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक पर रुपये लेने का आरोप लगाया, तो वह सदस्य के सामने ही उठकर चले गए। इससे खफा सदस्य 10 मिनट में ही खानापूरी कर चलीं गईं। उन्होंने प्रोटोकाल के उल्लंघन पर नाराजगी जताई। कहा कि वह एडीएम से बात करके शासन को अवगत कराएंगी।
विज्ञापन

राज्य निगरानी समिति सदस्य पूजा वाल्मीकि का दो दिनी कार्यक्रम डीएम कार्यालय से सोमवार को जारी हुआ था। उन्हें स्वच्छकार विमुक्ति एवं पुनर्वास अधिनियम के तहत सफाई कर्मियों और उनके परिवारों से बातचीत करना है। वह शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नगर पालिका दफ्तर पहुंचीं। वहां स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष बिरजू वाल्मीकि, अखिल भारतीय सफाई कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष हरिओम वाल्मीकि आदि ने मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक पर रुपये मांगने का आरोप लगाया। कहा कि रुपये न दे पाने पर संविदा सफाई कर्मी नीरज वाल्मीकि को बर्खास्त कर दिया गया। उसे सुनने का मौका तक नहीं दिया।
आरोप सुनते ही खाद्य निरीक्षक आयोग सदस्य के सामने ही उठकर गुस्से में बाहर चले गए। दफ्तर में ईओ रविंद्र कुमार नहीं थे। इससे खफा सदस्य भी बमुश्किल 10 मिनट रुककर कमालगंज की ओर रवाना हो गईं। उनके जाने के करीब 15 मिनट ईओ रविंद्र कुमार दफ्तर पहुंचे । इस मौके पर सफाई कर्मी नेता विजय कुमार, अरविंद वाल्मीकि, विमल, राजेंद्र कुमार, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

कमालगंज प्रतिनिधि के अनुसार समिति सदस्य पूजा वाल्मीकि नगर पंचायत पहुंची, तो ईओ मुन्ना कुमार व अन्य कोई वरिष्ठ अधिकारी नहीं मिला। प्रधान लिपिक अजय तिवारी एवं कर्मचारी उदय प्रताप ने बताया कि ईओ लखनऊ प्रशिक्षण में गए हैं। उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी से भी इन्कार किया। सदस्य पूजा वाल्मीकि ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया। कहा कि वह एडीएम से बात करके शासन को अवगत कराएंगी। सफाई कर्मियों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
सफाई नायक वीरेंद्र वाल्मीकि ने कहा कि तीन अंशकालिक सफाई कर्मियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला। कोरोना काल में काम के बावजूद निकाला जा रहा है। रहीसा देवी ने कहा कि पति के निधन के कई साल बाद भी एरियर व पेंशन आदि नहीं मिली। सफाई कर्मचारी गोरेलाल, पंचमलाल, फकीरे लाल, रामवीर, तेजराम, राधाकिशन, शोभाराम, पप्पू आदि ने सफाई उपकरण न मिलने की बात कही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें