फर्रुखाबाद। गंगा दशहरा को लेेकर जनपद की सभी सीमाओं पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसको लेकर पड़ोसी जनपदों के सभी पुलिस अधिकारियों को पत्राचार किया गया है।
गंगा दशहरा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करने के लिए आते हैं। जिले से ही नहीं अपितु दूसरे जिलों से भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं का पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने के लिए आने का सिलसिला चलता रहता है। ट्रेन और बसों में भी काफी भीड़ आती है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि जनपद कन्नौज से कानपुर रोड होते हुए आने वाले माल वाहन ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर व लोडर को गुरसहायगंज से छिबरामऊ को डायवर्ट किया जाएगा। छिबरामऊ से फतेहगढ़ की ओर आने वाले भारी वाहनों को जहानगंज थाने से पहले रोका जाएगा।
जनपद मैनपुरी बेवर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को चौकी मदनपुर, थाना मोहम्मदाबाद व रोहिला चौराहे के पास रोका जाएगा। जनपद एटा की ओर फतेहगढ़ आने वाले वाहनों को बिराहिमपुर व अलीगंज बार्डर तथा कस्बा कायमगंज के बाहर पतौरा व बेरिया चौराहे के पास रोका जाएगा। जनपद बरेली व शाहजहांपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन अल्हागंज व हुल्लापुर चौराहे के पास उपयुक्त स्थान पर रोके जाएंगे।
जनपद हरदोई की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रूपापुर थाना पाली क्षेत्र में रोका जाएगा। गुरसहायगंज की ओर से आने वाले वाहनों को खुदागंज के पुल के पास रोका जाएगा। सभी वाहन सोमवार की रात से मंगलवार को गंगा दशहरा स्नान की समाप्ति तक रोके जाएंगे। इसके साथ ही मसेनी व पराग डेयरी व चाचूपुुुुर के पास वाहनों की पार्किंग बनाई गई है। यातायात प्रभारी रजनेश यादव को टीम के साथ वहां लगाया गया है। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह को व्यवस्था का नोडल अफसर बनाया गया है।