अमृतपुर। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान शराब के नशे में हंगामा कर रहे कर्मचारी ने तहसीलदार से अभद्रता कर दी। एसडीएम के आदेश पर कर्मचारी का सीएचसी पर मेडिकल कराया गया।
शनिवार को तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद मिश्रा समस्याओं की सुनवाई कर रहे थे। उसी दौरान तहसील में तैनात संग्रह अनुसेवक दीपक कुमार बाथम शराब के नशे में गाली-गलौज कर हंगामा कर रहा था। तहसीलदार के समझाने पर दीपक उनसे भी अभद्रता करने लगा। तहसीलदार के साथ तैनात होमगार्डों ने दीपक को पकड़कर बैठा लिया। शोरगुल सुनकर एसडीएम रवींद्र कुमार बाहर निकल आए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी की। उन्होंने कर्मचारी को तहसीलदार की गाड़ी में बैठाकर सीएचसी भेजा। डा. प्रमित राजपूत ने बताया कि कर्मचारी दीपक बाथम का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। एसडीएम रवींद्र कुमार ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में शराब की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।