राजेपुर। ब्लाक कार्यालय में हुई कृषि गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों ने रसायनिक खाद का कम उपयोग कर जैविक खेती पर जोर दिया। पानी व बिजली की बचत के लिए किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
राजेपुर ब्लाक कार्यालय में दो दिवसीय कृषि गोष्ठी का अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि डीजल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए सरकार सोलर पंप पर छूट दे रही है। इससे किसान सोलर पंप लगाकर फसलों की सिंचाई करें। एडीओ सतीश कुमार ने कृषि विभाग की योजनाओं व कृषि यंत्रों पर अनुदान की जानकारी दी।
डॉ. सत्येंद्र प्रताप ने किसानों से जैविक खेती की ओर लौटने को कहा। डॉ.पूरन सिंह ने खेती के साथ पशुपालन करने की सलाह दी। उन्होंने पशुओं के रोग और निदान के बारे में बताया।
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि जमीन की उर्वरा शक्ति बरकरार रखने के लिए रसायनिक खाद की जगह जैविक खाद का प्रयोग करें। आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के प्रबंधक राकेश कुमार राठौर, संजय गुप्ता ने योजनाओं व ऋण के बारे में बताया। जगदीश चंद्र कटियार, एडीओ अजीत पाठक, अमित दिवाकर, संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।
आलू की खेती में जैविक तत्वों का करें प्रयोग
कमालगंज। ब्लाक कार्यालय परिसर में हुई कृषि गोष्ठी में आलू की फसल के लिए खेतों में पहले से ही तैयारी करने का सुझाव दिया गया। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अरविंद कुमार ने कहा कि गोबर की खाद के साथ ही गोमूत्र भी उपयोगी है।
केंचुआ वाली खाद का भी प्रयोग किया जा सकता है। जैविक खेती में रोग का प्रकोप कम होगा। डॉ. संजय कुमार ने सब्जी उत्पादन व बागवानी की जानकारी दी। डॉ. अभिमन्यु सिंह ने खरीफ फसलों के रखरखाव व भंडारण की जानकारी दी।
जिला उद्यान अधिकारी आरएन वर्मा ने विभागीय योजनाओं के बारे में बताया। कहा कि ढेंचा, मूंग, कद्दू आदि की फसल से उत्पादन क्षमता बढ़ती है।(संवाद)