अमृतपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में ई-रिक्शा खरीद में लाखों का गबन किया गया। जिलाधिकारी के आदेश पर बीडीओ ने प्रधान सचिवों को गबन की धनराशि जमा कर रसीद उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
ब्लॉक राजेपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिथनापुर व अमृतपुर में स्वच्छ भारत मिशन की धनराशि से ई-रिक्शा मनमानी कीमत पर खरीदे गए। जिला स्तर से अधिकारियों की कमेटी गठित कर जांच कराई गई तो गबन की पुष्टि हुई। इस पर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने प्रधान व सचिवों से गबन की आधी-आधी धनराशि वसूली कराने के आदेश दिए। जिलाधिकारी के आदेश पर बीडीओ कौशल कुमार गुप्ता ने नोटिस भेजकर ग्राम पंचायत पिथनापुर के प्रधान अभय कुमार को एक लाख 5 हजार रुपये व सचिव मुनीश कुमार यादव को एक लाख 5 हजार रुपये, ग्राम पंचायत अमृतपुर के प्रधान सचिन देव तिवारी को 51 हजार 250 रुपये व सचिव आशुतोष दुबे को 51 हजार 250 रुपये जमा कराने के आदेश दिए हैं। इसमें कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के खाते में गबन की गई धनराशि जमा कर रसीद उनके कार्यालय में प्रस्तुत करें।