फर्रुखाबाद। बिजली संबंधी शिकायतों का निस्तारण करने के लिए शासन के आदेश पर सोमवार से शुरू हुए समाधान सप्ताह के तहत उपकेंद्रों पर कैंप लगाए गए। इसमें आईं 255 शिकायतों में से 209 का निस्तारण कर दिया गया। मीटर से संबंधित 46 शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका।
शासन के आदेश पर 12 से 19 सितंबर तक प्रत्येक उपकेंद्र पर बिजली समाधान कैंप सुबह आठ से शाम आठ बजे तक लगाने का आदेश दिया है। इसमें बिजली के बिल खराब आने, लोड बढ़वाने व कम कराने, खराब मीटर बदलवाने व नया कनेक्शन कराने संबंधी शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। पहले दिन सोमवार को जिले के 40 उपकेंद्रों पर कैंप लगाया गया।
जेई और एसडीओ ने समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण कराया। शाम पांच बजे तक ग्रामीण खंड क्षेत्र के उपकेंद्रों पर 120 शिकायतें आईं। इसमें से 94 का समाधान दिया गया। नगरीय खंड क्षेत्र के उपकेंद्रों पर 56 शिकायतें आईं, इसमें 43 का निस्तारण हुआ। खराब मीटर बदलने संबंधी 13 शिकायतें निस्तारित नहीं हो सकी। कायमगंज डिवीजन क्षेत्र के उपकेंद्रों पर आईं 79 शिकायतों में से 72 का निस्तारण हुआ। सात का निस्तारण लटक गया है।
मुख्य अभियंता कानपुर राकेश वर्मा ने अधीक्षण अभियंता एसके श्रीवास्तव के साथ कमालगंज, जहानगंज, ठंडी सड़क स्थित उपकेंद्र और नवाबगंज उपकेंद्र पर लगे कैंप का निरीक्षण किया।