अमृतपुर। बिना अनुमति के पोल लगाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से नाराजगी जताई। बिजली कर्मचारियों को स्कूल परिसर से पोल उखाड़ने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर बिजली कर्मियों ने पोल उखाड़ लिया।
विकास खंड राजेपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बरुआ के परिसर में क्षेत्रीय अवर अभियंता हरिओम ने बिजली का खंभा लगवाया था। प्रधानाध्यापक शिव कुमार सिंह के मना करने पर अपर अभियंता ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दी थी। प्रधानाध्यापक ने खंड शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार सिंह को इस मामले की सूचना दी। खंड शिक्षा अधिकारी ने मौके पर पहुंच कर जांच की। बिजली का खंभा विद्यालय परिसर लगा पाया था।
मामले को अमर उजाला ने 16 मार्च के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनने के दौरान डीएम वीके सिंह ने विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता ग्रामीण सुरेंद्र कुमार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद से नाराजगी जताई। कहा कि विद्यालय में बिजली का खंभा लगने के बाद अखबार में खबर भी छप गई, लेकिन आपको जानकारी नहीं है। उन्होंने जल्द से जल्द विद्यालय परिसर से पोल को उखाड़ने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद बिजली कर्मियों ने स्कूल से जाकर बिजली का खंभा उखाड़ लिया।