फर्रुखाबाद। जनपद में आठ मरीजों के डेंगू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। 10 नवंबर को एलाइजा जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को मिली थी।
डीएम ने जब सीएमओ से रिपोर्ट तलब की, तब इसका खुलासा हुआ।
जनपद के निजी अस्पतालों में डेंगू के लक्षणों वाले मरीजों की भीड़ लग रही है, जबकि किसी भी सरकारी अस्पताल में डेंगू के मरीज भर्ती नहीं हैं।
शमसाबाद के मोहल्ला मीरा दरवाजा निवासी महिला का कायमगंज के निजी अस्पताल में इलाज चला, वहां लैब की जांच रिपोर्ट से डेंगू पॉजिटिव होने की पुष्टि की गई।
चार नवंबर को इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मिलने पर पांच नवंबर को टीम शमसाबाद गई। तब तक महिला स्वस्थ होकर घर आ चुुकी थी।
टीम ने औपचारिकता पूरी करने के लिए बुखार के मरीजों की एलाइजा जांच के लिए नमूने लिए और लोहिया अस्पताल भेज दिए।
वहां डीजल बचाने के चक्कर में यह नमूने रखे रहे और जांच के लिए कन्नौज नहीं भेजे गए।
नौ नवंबर को इस संबंध में सीएमओ व सीएमएस से जांच रिपोर्ट की जानकारी की गई तो खलबली मची और उसी दिन शाम को कुल 30 नमूने राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा भेजे गए।
10 नवंबर को वहां से जांच रिपोर्ट भेजी गई। इसमें आठ मरीजों के डेंगू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई।
इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग यह रिपोर्ट दबाए रहा।
सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने की जानकारी देते रहे।
सोमवार को मामले की जानकारी जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को हुई।
उन्होंने मामले को गंभीरता से लेकर सीएमओ से जांच रिपोर्ट तलब की।
जिलाधिकारी ने बताया कि मरीजों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। स्वास्थ विभाग के अधिकारियों को भी चेताया गया है।