कमालगंज थाना क्षेत्र के सिंगुरापुर गांव में कच्ची शराब पीने के बाद दो लोगों की हालत बिगड़ गई। एक को फतेहगढ़ स्थित नर्सिंग होम और दूसरे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत बिगडने पर युवक को सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सिंगुरापुर गांव निवासी सुभाष कुमार (40) और पिंकू पुत्र बेचेलाल ने गांव में ही साथ बैठकर कच्ची शराब पी। शराब पीने के बाद दोनों की हालत बिगड़ने लगी। जानकारी मिलने पर दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे। पिंकू को परिजनों ने फतेहगढ़ स्थित नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। वहीं, सुभाष कुमार को परिजन सीएचसी लेकर आए। उपचार के दौरान हालत बिगड़ने पर सुभाष कुमार को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सुभाष कुमार के भतीजे गौरव कुमार ने बताया कि कच्ची शराब पीने के बाद चाचा सुभाष कुमार और गांव के ही पिंकू की हालत बिगड़ी है। बताया जाता है कि गांव का ही एक युवक कच्ची शराब बेचने का धंधा करता है।