फर्रुखाबाद। हैवतपुर गढि़या स्थित कांशीराम काॅलोनी में सात दिनों से पेयजल संकट व्याप्त है। पांच दिन पहले पाइपलाइन फटने से लोग पानी के लिए परेशान रहे। अब मोटर भी फुंक गई। मंगलवार दोपहर पालिका ने पानी का टैंकर भेजा, तो चार-चार मंजिल पर रह रहे लोगों की कतारें लग गईं। कुछ ही देर में पूरा टैंकर खाली हो गया।
नगर पालिका परिषद लोगों को शुद्ध जल भी मुहैया नहीं करवा पा रही है। कांशीराम कालोनी के 1296 आवासों में रह रहे करीब छह हजार लोग सात दिन से पानी के लिए तरस रहे हैं। पिछले सप्ताह खराब हुई पाइप लाइन को पालिका के जिम्मेदारों ने पांच दिन बाद सही किया। कुछ देर जलापूर्ति हुई थी, कि अचानक मोटर फुंक गई। लिहाजा जलापूर्ति नहीं मिल सकी।
चार-चार मंजिल ऊंचे आवासों में रह रहे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार दोपहर पालिका ने पानी भरा एक टैंकर भेजा। टैंकर आने की भनक लगते ही लोग बाल्टी, डिब्बे लेकर टूट पड़े। आधा घंटे में ही पूरा टैंकर खाली हो गया। नगर पालिका के जलकल विभाग ने मोटर खुलवाना शुरू कर दिया है। जेई गौरव मिश्रा ने बताया कि बुधवार सुबह जलापूर्ति कराई जाएगी।
कालोनी में लगे हैंडपंपों की हालत बेहद खराब है। चार ख्रराब पड़े हैं और छह सही हैं, मगर इनमें पीला पानी आने से पीने के लायक नहीं है। वाशिंदों ने बताया कि भरने के तुरंत बाद नहा लेते और कपड़े धुलते हैं। बाद में पीला हो जाता है। मजबूरन काफी दूर मंदिर में लगे हैंडपंप से पीने के लिए पानी भरने जाते हैं।